केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट को किया संबोधित
2 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव का हुआ लोकार्पण एवं शिलान्यास अटल जी के विचारों के साथ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास लौहपुरुष सरदार पटेल जैसी क्षमता भी है: सिंधिया, भाजपा की डबल इंजन सरकार में 30.77 लाख करोड़ के निवेश के साथ अभ्युदय के पथ पर अग्रसर है प्रदेशः सिंधिया
ग्वालियर (आरएनआई) केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती एवं मध्य प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम में सहभागिता की। ग्रोथ समिट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश में 2 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ। साथ ही कार्यक्रम में 5019 करोड़ रुपए की अधोसरंचना विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के साथ साथ ग्वालियर को व्यापार मेले की शुभारंभ सहित विभिन्न सौगात मिली।
इस अवसर पर सिंधिया ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ नेतृत्व की सराहना की, मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों के आंकड़े प्रस्तुत किए और बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार में मध्य प्रदेश अभूतपूर्व गति से समावेशी विकास के पथ पर अग्रसर है। साथ ही उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर केवल एक तिथि नहीं, बल्कि सुशासन, विचार और राष्ट्रसेवा की परंपरा का प्रतीक है। जहाँ भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार होते सुशासन का समन्वय दिखाई देता है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे।
अभ्युदय मध्य प्रदेश: निवेश, विश्वास और रोजगार की नई पहचान
मध्य प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सिंधिया ने राज्य की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में निवेश और औद्योगिक विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 ने मध्य प्रदेश की वैश्विक विश्वसनीयता को नई ऊँचाई दी है। उन्होंने बताया कि राज्य को 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 8.57 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं, जो युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेंगे। यह प्रत्यक्ष प्रमाण है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की विकास यात्रा उन्हीं आदर्शों और मूल्यों पर निरंतर आगे बढ़ रही है, जिन्हें अटल जी ने भारतीय राजनीति की आत्मा के रूप में प्रतिष्ठित किया था।
*अटल से मोदी तक - सुशासन की अवधारणा का विस्तार*
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अटल जी ने सुशासन की जिस वैचारिक नींव को रखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तकनीक, पारदर्शिता और गति के साथ जन-अनुभव और हकीकत में बदला है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से लेकर डिजिटल इंडिया तक, शासन अब फाइलों से निकलकर नागरिकों की मोबाइल स्क्रीन तक पहुँचा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की हर नीति अंत्योदय के मूल भाव - अंतिम व्यक्ति तक विकास से प्रेरित है। सिंधिया ने कहा कि अटल जी के लिए सत्ता पद का साधन नहीं, बल्कि परिवर्तन की साधना थी और प्रधानमंत्री मोदी इसी सिद्धांत को आज चरितार्थ कर रहे हैं।
*अटल जी के विचारों एवं सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प का आधुनिक प्रतिबिंब है गृहमंत्री शाह का नेतृत्व*
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्णयों में अटल जी के विचारों एवं आदर्शों के साथ लौहपुरुष सरदार पटेल की दृढ़ता और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का भाव स्पष्ट रूप से झलकता है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 का निरसन, जम्मू-कश्मीर में शांति की बहाली और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर लिए गए कठोर निर्णय, नए भारत की निर्णायक कार्यसंस्कृति को दर्शाते हैं। सिंधिया ने विश्वास जताया कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद के समूल उन्मूलन की दिशा में निर्णायक सफलता हासिल करेगा।
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि सुशासन केवल नीतियों का नाम नहीं, बल्कि नागरिक के जीवन में दिखने वाला अनुभव होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और अंतिम व्यक्ति के बीच सेतु बनें तथा विकसित भारत और समृद्ध मध्य प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



