केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में दिव्यांगजन किट वितरण शिविर में 1929 लाभार्थियों को दिए 8,000 से अधिक सहायक उपकरण

Saturday, March 14, 2026 - 19:48
Updated: 7 months ago
0
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में दिव्यांगजन किट वितरण शिविर में 1929 लाभार्थियों को दिए 8,000 से अधिक सहायक उपकरण

गुना (आरएनआई) आज गुना का दिव्यांगजन किट वितरण शिविर भावुक पलों का साक्षी बना जब केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सुबह जनसुनवाई में उठाई गई ट्राइसाइकिल की मांग को दोपहर तक पूरा कर दिया। गणपत नामक दिव्यांगजन ने सुबह बजरंगगढ़ में आयोजित जनसुनवाई में ट्राइसाइकिल की गुहार लगाई थी, और कुछ ही घंटों में उनकी यह इच्छा पूरी हुई। भावुक होते हुए गणपत ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।

शिविर में कुल 1929 दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को 8,000 से अधिक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहारा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान और स्वावलंबन के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना ही सरकार का वास्तविक लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि यह वितरण कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि इसके पीछे लंबे समय तक चला विस्तृत चिन्हांकन अभियान है। प्रत्येक दिव्यांगजन की आवश्यकता का आंकलन करके लगभग 9,000 उपकरणों की सूची तैयार की गई थी, जिसके आधार पर आज लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए गए।

सिंधिया ने यह भी बताया कि यह पहल केवल गुना संसदीय क्षेत्र तक सीमित नहीं है। अशोकनगर में हाल ही में आयोजित शिविर में 1,455 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को 5,172 उपकरण वितरित किए गए, जबकि आगामी शिविरों में शिवपुरी और अन्य क्षेत्रों में कुल लगभग 30,000 सहायक उपकरण 8,500 से अधिक लाभार्थियों को प्रदान किए जाएंगे।

केन्द्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनका परिवार केवल राजनीतिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे ग्वालियर-चंबल अंचल के नागरिक उनके परिवार हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि संसाधनों की चिंता किए बिना हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दिव्यांगजन, सम्मानजनक जीवन और समान अवसर प्राप्त करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User