कुख्यात अपराधी गोविंदाचामी विय्यूर जेल में शिफ्ट, कन्नूर जेल से भागने के 24 घंटे बाद पकड़ा गया

केरल में 2011 के सौम्या हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा गोविंदाचामी उच्च सुरक्षा वाली कन्नूर केंद्रीय जेल से शुक्रवार को फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने कुछ घंटे की तलाश के बाद उसे पकड़ लिया। आज पुलिस ने उसे कन्नूर जेल से विय्यूर सेंट्रल जेल में स्थानांतरित कर दिया है।

Jul 26, 2025 - 15:03
 0  135
कुख्यात अपराधी गोविंदाचामी विय्यूर जेल में शिफ्ट, कन्नूर जेल से भागने के 24 घंटे बाद पकड़ा गया

कन्नूर (आरएनआई) 2011 के चर्चित सौम्या हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुख्यात अपराधी गोविंदाचामी को शनिवार को केरल की त्रिशूर जिले की विय्यूर सेंट्रल जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। यह कार्रवाई उस घटना के एक दिन बाद हुई जब वह कन्नूर जेल से फरार हो गया था। हालांकि कई घंटों की तलाशी के बाद उसे दोबारा पकड़ लिया गया था।

पुलिस ने बताया कि गोविंदाचामी को विय्यूर जेल में शिफ्ट करने का आदेश शुक्रवार देर रात जारी किया गया था, लेकिन उसे शनिवार सुबह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। जेल तोड़कर भागने के सिलसिले में गोविंदाचामी पर एक और मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जेल से फरारी की इस घटना के बाद कन्नूर सेंट्रल जेल के तीन जेल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।  

विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस घटना को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने सरकार को "अयोग्य" करार देते हुए आरोप लगाया कि जेल से भागने में अंदरूनी मदद मिली थी। कांग्रेस ने इस घटना की  सीबीआई जांच की भी मांग की है।

सौम्या हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कुख्यात अपराधी गोविंदाचामी उर्फ गोविंदस्वामी उच्च सुरक्षा वाली कन्नूर केंद्रीय जेल से शुक्रवार को  सुबह 4:15 बजे से 6:30 बजे के बीच फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटे बाद उसे पकड़ लिया।

एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी ने बताया, गोविंदाचामी को कन्नूर शहर की सीमा के भीतर थलाप में स्थित एक जीर्ण-शीर्ण इमारत के पास से पकड़ा गया। गोविंदाचामी का बायां हाथ नहीं है। टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित वीडियो के अनुसार, वह इमारत के पास एक कुएं के अंदर छिपा हुआ था। पुलिस ने जेल से भागने के बाद गोविंदाचामी की तलाश के लिए खोजी कुत्तों का इस्तेमाल किया था।

पुलिस को अपराधी की तलाश करने में स्थानीय लोगों की मदद मिली, जिनमें से कई ने दावा किया कि उन्होंने सुबह के समय शहर में गोविंदाचामी को देखा था। लोगों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके की छानबीन की और उसे पकड़ लिया।

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, गोविंदाचामी ने अपने सिर पर कपड़ों की गठरी रखी हुई थी और इसके बीच में अपना हाथ छिपाया हुआ था। जब मैंने उसे देखा तो मुझे संदेह हुआ। जैसे ही मैंने पुकारा, अरे गोविंदचामी! वह भाग गया। समाचार चैनलों पर प्रसारित सीसीटीवी फुटेज में गोविंदाचामी जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति सड़क किनारे सिर पर एक गठरी रखे हुए चल रहा था और इसमें उसने अपना बायां हाथ छिपाया हुआ था।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.