कांग्रेस का तंज, विंध्य का मिजाज को देखकर भयभीत है भाजपा

Wednesday, June 21, 2023 - 19:30
0

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  27 जून को मध्य प्रदेश आने वाले हैं, इसे लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है, चुनावों से पहले प्रधानमंत्री मोदी के मप्र दौरे से जहाँ भाजपा में उत्साह है और वो जोरशोर से दौरे की तैयारी करने में लगी हुई है वहीं कांग्रेस इस दौरे को लेकर कटाक्ष कर रही है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, राहुल भैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य प्रदेश दौरे पर सवाल उठाये हैं उन्होंने कहा कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि प्रधानमंत्री को बार-बार विंध्य क्षेत्र में आना पड़ रहा है? अजय सिंह ने दावा करते हुए कहा कि विंध्य के मिजाज को देखकर भाजपा पूरी तरह से भयभीत है। यही वजह है कि अमित शाह, नितिन गडकरी से लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को बार-बार विंध्य में दस्तक देना पड़ रहा है।

अजय सिंह ने आज बुधवार 21 जून को जारी एक बयान में कहा कि कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री रीवा आये थे, लेकिन वहाँ उस तरह की भीड़ नहीं जुट पाई, जिस तरह से प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के संगठन ने दावा किया था। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यही वजह है कि रीवा के फ्लाप-शो की भरपाई अब शहडोल से करने की कोशिश की जा रही है।

अजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने पिछले 18 सालों में विंध्य क्षेत्र की जनता को ठगा है, कभी बरगी दायीं तट नहर के नाम पर, कभी सीधी, सिंगरौली फोरलेन के नाम पर, कभी विंध्य एक्सप्रेस-वे के नाम पर, कभी स्मार्ट सिटी के नाम पर, कभी रोजगार के नाम पर धोखा किया लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कितने दुर्भाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी में हवाई अड्डे के नजदीक 50 एकड़ में लगे हरे-हरे पौधों को नष्ट किया जा रहा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने दावा करते हुए कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में विंध्य की जनता मप्र में सत्ता परिवर्तन की इबारत लिखेगी और प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने विंध्य से बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता के आक्रोश का जो ज्वालामुखी अंदर ही अंदर धधक रहा है, वह विधानसभा चुनाव में फूटेगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे भोपाल के अलावा शहडोल भी जाएंगे। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएम मोदी भोपाल में लगभग तीन घंटे रुकेंगे। दिल्ली से भोपाल आने के बाद वे सीधे रानी कमलापति स्टेशन जायेंगे और यहाँ से इंदौर और जबलपुर के बीच चलने वाली दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। रानी कमलापति स्‍टेशन के बाद पीएम मोदी मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां से वह देश के 10 लाख बूथों पर डिजिटल रैली को संबोधित करेंगे। मोती लाल नेहरू स्टेडियम से पीएम मोदी देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।आपको बता दें कि डिजिटल बूथ रैली के लिए मध्य प्रदेश का चुनाव इसलिए किया गया है कि यहां के सभी 64 हजार बूथ डिजिटलाइज हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम  बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा हैं , समझा जा रहा है कि कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User