कलेक्टर की अध्यक्षता में नगरीय निकाय के बैठक सम्पन्न,अनुपस्थित सीएमओ को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
विकास कार्य, पीएम आवास एवं सफाई व्यवस्था पर सख्त निर्देश
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज नगरीय निकाय के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों, पीएम आवास योजना तथा स्वच्छता व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
इंजीनियरों को फील्ड पर जाकर कार्य देखने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि इंजीनियरों को कार्यालय में बैठने के बजाय फील्ड पर जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। एसओआर में दरें तय होती हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण और कठिन कार्य डिजाइन का होता है, जिस पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा
बैठक में विभिन्न नगरीय निकायों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों के तीन से चार फोटो अलग-अलग एंगल से प्रस्तुत की जाएं। साथ ही फिजिकल और फाइनेंशियल प्रोग्रेस स्पष्ट रूप से दिखाई जाए तथा निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के साथ कार्य की प्रगति के अनुसार समय पर भुगतान सुनिश्चित हो।
पीएम आवास योजना में राशि जमा न करने पर पंजीयन निरस्त
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि एसडीएम कार्यालय के शिफ्ट होने से पीएम आवास की बिक्री में वृद्धि हुई है। जिन हितग्राहियों ने पंजीयन कराया है, उनसे पूरी राशि जमा कराई जाए। जो हितग्राही पूरी राशि जमा नहीं करते हैं, उनका पंजीयन निरस्त कर अन्य पात्र लोगों को आवास आवंटित किए जाएं। इसके बाद पीएम आवास योजना 1.0 एवं 2.0 की भी समीक्षा की गई।
अनुपस्थित सीएमओ पर कार्यवाही
बैठक में सीएमओ मकसूदनगढ़ को बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और उन्हें नोटिस जारी करने के साथ एक वेतन वृद्धि रोकने का प्रस्ताव भोपाल भेजने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई व्यवस्था की समीक्षा
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सफाई दो दिन के लिए नहीं बल्कि लगातार किए जाने वाला कार्य है। पार्षदों को आमजन को जोड़कर सुबह और शाम दोनों समय सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
अच्छे कार्य पर सम्मान, गंदगी पर जुर्माना
कलेक्टर ने कहा कि जो अच्छा कार्य करेंगे उन्हें सम्मानित किया जाएगा, जबकि गंदगी फैलाने वालों और डस्टबिन न रखने वालों पर जुर्माना लगाया जाए।
रोजाना रिपोर्ट और चालानी कार्रवाई अनिवार्य
बैठक में जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण को निर्देशित किया गया कि सभी सीएमओ से प्रतिदिन शाम 9 बजे चालानी कार्रवाई की रिपोर्ट ली जाए। इसके अलावा सभी सीएमओ सुबह 7 बजे अपनी लोकेशन सहित सफाई कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
बैठक के अंत में विभिन्न राजस्व कर की राजस्व वसूली की जानकारी ली गयी। बैठक में जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण संजय श्रीवास्तव, प्र. सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री सहित अन्य नगरीय निकाय के सीएमओ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)