कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला क्वालिटी एश्योरेंस कमेटी की बैठक संपन्न

Friday, October 24, 2025 - 20:58
Updated: 12 months ago
0
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला क्वालिटी एश्योरेंस कमेटी की बैठक संपन्न

गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्थानीय रेडक्रॉस भवन में जिला क्वालिटी एश्योरेंस कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार, स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता उन्नयन के संबंध में विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा “चिकित्‍सालय की स्वच्छता और सुव्यवस्था में सुधार लाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।" उन्होंने निर्देश दिए चिकित्सालय परिसर में पान-गुटखा खाकर थूकने या अस्‍वच्‍छता फैलाने वालों के विरुद्ध 200 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि आमजन में स्वच्छता के प्रति व्यवहारिक परिवर्तन लाना है।

अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं की उपस्थिति पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले सिक्योरिटी गार्ड एवं पार्किंग ठेकेदार पर तत्काल 200-200 रुपये का जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, अस्पताल प्रशासन प्रतिदिन निगरानी रखे और इस संबंध में प्रति शुक्रवार को स्वच्छता एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया जायेगा।

उन्होंने निर्देशित किया अस्पताल में “स्वच्छता बनाए रखें, गंदगी न फैलाएं” इस संबंध में नियमित एनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जाये। पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए वाहन खड़े करने के स्थानों को चिह्नित करते हुए चूने की लाइन डाली जाए, ताकि परिसर सुव्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रहे।

बैठक के उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल ने जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मातृत्व वार्ड, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) तथा निर्माणाधीन सीसीएचबी भवन  का जायजा लिया और निर्माण गुणवत्ता, स्वच्छता एवं मरीजों की सुविधाओं के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा अस्पताल केवल उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता, अनुशासन और जनजागरूकता का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे “स्वच्छ अस्पताल–सुरक्षित मरीज” के संकल्प को साकार रूप दें।


आज निरीक्षण के दौरान डिप्‍टी कलेक्‍टर एवं प्र.सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर, सिविल सर्जन डॉ. व्हीएस रघुवंशी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.आर. माथुर, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित रहा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User