कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पंजाब में रेड अलर्ट जारी; दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के आसार
देश के कई हिस्सों में मंगलवार को मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। पंजाब के पटियाला जिले के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तेज बारिश, करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और एसएएस नगर के अलावा उत्तर प्रदेश के अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव में भी तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, नागालैंड और मणिपुर के कई जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 4 से 7 अगस्त के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर रही हैं, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि मंगलवार को मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)