उपभोक्‍ता अपने अधिकारों को जाने, जागरूक बनें - कलेक्‍टर राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता दिवस पर प्रदर्शनी एवं संगोष्‍ठी आयोजित

Dec 24, 2025 - 21:26
Dec 24, 2025 - 21:44
 0  54
उपभोक्‍ता अपने अधिकारों को जाने, जागरूक बनें - कलेक्‍टर राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता दिवस पर प्रदर्शनी एवं संगोष्‍ठी आयोजित

गुना (आरएनआई) कलेक्टरेट सभागार में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर प्रदर्शनी एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रशासनिक स्तर पर उपभोक्ता संरक्षण को सुदृढ़ करना रहा। 

अपने उद्बोधन में कलेक्टर श्री कन्याल ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावट से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता विधिसम्मत तरीके से खरीदारी करता है और उसके साथ धोखाधड़ी होती है, तो प्रशासन उसकी हरसंभव सहायता करेगा। उन्होंने उपभोक्ता संरक्षण को शासन की प्राथमिकताओं में से एक बताते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान खाद्य विभाग गुना द्वारा “उपभोक्ता सेवा केंद्र” की स्थापना की गई, जिसका उद्घाटन कलेक्टर श्री कन्‍यान ने किया। इस सेवा केंद्र के माध्यम से उपभोक्ताओं से संबंधित 14 सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें नवीन पात्रता पर्ची, डुप्लीकेट पात्रता पर्ची, नाम सुधार, नाम जोड़ना/हटाना, पर्ची में पता परिवर्तन, राशन नहीं मिलने, FPS नहीं खुलने, गैस रिफिलिंग, उपार्जन भुगतान, किसान पंजीयन सहित अन्य सेवाएं शामिल हैं। सेवा केंद्र पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा उन्हीं आवेदनों का निराकरण उसी दिन सायं 4 से 6 बजे तक किया जाएगा।

कार्यक्रम अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, गैस एजेंसी, डाक विभाग, एलआईसी, विद्युत विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन, नापतौल विभाग तथा पीएनजी द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के श्री बीरसिंह एवं सुश्री चौहान द्वारा उपभोक्ताओं को कानूनी अधिकारों, दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया एवं महत्वपूर्ण निर्णयों के बारे में जानकारी दी गई।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के संगठन मंत्री श्री अलंकार बशिष्ट ने उपभोक्ताओं के अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उपभोक्ता को एमआरपी के संबंध में जानकारी लेने एवं कम दर पर वस्तु क्रय करने का अधिकार है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नवीन जैन ने खाद्य सुरक्षा मानकों, लेबलिंग, प्रचार-प्रसार एवं त्रुटिपूर्ण व्यापार पर लागू शासकीय प्रावधानों की जानकारी दी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सेल्स ऑफिसर मनोज शर्मा ने पेट्रोलियम पदार्थों में मिलावट की पहचान तथा फाइबर एलपीजी सिलेंडर की विशेषताओं के बारे में अवगत कराया। नापतौल निरीक्षक एल.सी. खांडवी ने तौल कांटों के सत्यापन की प्रक्रिया एवं इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी। डाक विभाग के ओमप्रकाश श्रोत्रीय एवं शिवकुमार रघुवंशी ने डाक विभाग द्वारा प्रदान की जा रही बीमा, बैंकिंग, आधार सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में गुना नगरपालिका उपाध्‍यक्ष धरम सोनी, नगर परिषद मधुसूदनगढ़ अध्यक्ष श्यामलाल अहिरवार, रमेश मालवीय, विकास जैन, उपाध्यक्ष कौशलेन्द्र अग्रवाल, जनपद पंचायत चांचौड़ा उपाध्यक्ष मेहरबान सिंह गुर्जर, अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश मीना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0