उत्तम नगर हत्याकांड के बाद दहशत का माहौल, छह दिन बाद भी वीरान गलियां; मुख्य आरोपी सायरा समेत आठ गिरफ्तार
नई दिल्ली (आरएनआई) उत्तम नगर के ए-ब्लॉक में होली के दिन हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है। जिन तंग गलियों में पहले बच्चों की चहल-पहल और बाजारों की रौनक रहती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी जनजीवन पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है और स्थानीय लोग अभी भी भय और तनाव में जी रहे हैं।
इलाके के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर अधिकतर दुकानें बंद हैं और केवल परचून तथा दवा की दुकानें ही खुली रखी गई हैं, ताकि लोगों को जरूरी सामान मिल सके। स्थानीय दुकानदार रोहित ने बताया कि मौजूदा हालात देखकर लॉकडाउन के दिन याद आ रहे हैं। कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है और लोगों की आवाजाही पर भी सख्ती बरती जा रही है।
स्थानीय निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि पहले शाम के समय पार्कों में युवाओं और बच्चों की भीड़ रहती थी, लेकिन अब पार्कों के गेट पर ताले लटक रहे हैं। लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं एक अन्य निवासी अमित ने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से ही पूरा इलाका बेहद संवेदनशील हो गया है और माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है।
सोमवार को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। हालांकि सुरक्षा कारणों से पुलिस ने उन्हें बैरिकेड्स पर ही रोक दिया। इलाके में लगातार पुलिस बल तैनात है और हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला सायरा उर्फ काली समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान सायरा उर्फ काली (40), सरीफन (50), सलमा (36), सुहैल उर्फ साहिल (21), समीर चौहान (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) के रूप में हुई है, जबकि एक आरोपी 14 साल का नाबालिग है।
कुशल पाल सिंह, उपायुक्त, द्वारका जिला ने बताया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना होली के दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में हुई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 11 साल की बच्ची छत से होली खेल रही थी और उसी दौरान फेंका गया एक गुब्बारा नीचे फट गया, जिससे गुजर रही सायरा उर्फ काली पर रंग के छींटे पड़ गए। बच्ची के परिवार ने तुरंत माफी भी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद बढ़ गया।
बताया गया कि महिला ने हंगामा किया और उसके परिजन व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। उसी समय होली खेलकर लौट रहे 26 वर्षीय तरुण कुमार को आरोपियों ने गली में घेर लिया और उस पर क्रिकेट बैट, लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)