ईडी की छापेमारी में इंद्रजीत यादव से जुड़े ठिकानों से करोड़ों की नकदी और आभूषण बरामद
नई दिल्ली (आरएनआई)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में दिल्ली-एनसीआर में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और कीमती आभूषण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई दुबई में रह रहे मुख्य आरोपी इंद्रजीत सिंह यादव और उसके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर की गई, जिसमें करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति सामने आई है।
ईडी ने 30 दिसंबर को शुरू की गई इस कार्रवाई के दौरान 24 घंटे से अधिक समय तक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान एजेंसी को 5.12 करोड़ रुपये नकद, करीब 8.8 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा एक सूटकेस, चेकबुक से भरा बैग और लगभग 35 करोड़ रुपये की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। यह छापेमारी दिल्ली के सर्वप्रिया विहार स्थित एक परिसर समेत कई ठिकानों पर की गई, जो अमन कुमार नामक व्यक्ति से जुड़ा है, जिसे इंद्रजीत यादव का करीबी बताया जा रहा है।
ईडी के अनुसार यह मामला इंद्रजीत सिंह यादव, उसकी सहयोगी फर्म अपोलो ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और अन्य सहयोगियों से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन लोगों ने धोखाधड़ी और अवैध तरीकों से करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति जुटाई है। इंद्रजीत यादव के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें जबरन वसूली, धमकी और ऋण निपटान से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। फिलहाल वह फरार है और दुबई में रह रहा है।
ईडी की जांच में सामने आया है कि अपोलो ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और उससे जुड़े लोगों ने हरियाणा के झज्जर और दिघल क्षेत्रों में निजी फाइनेंसर्स से बड़ी रकम उधार ली थी, जिसकी गारंटी के तौर पर दिए गए चेक बाद में बाउंस हो गए। इन मामलों में समझौते कराने में इंद्रजीत यादव की अहम भूमिका बताई जा रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि इसी नेटवर्क के जरिए अवैध धन को सफेद किया गया और बड़ी मात्रा में संपत्ति खड़ी की गई।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई और जांच जारी है और बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)