इस्राइल का तेहरान में ड्रोन हमला, ईरान के परमाणु वैज्ञानिक को निशाना बनाने का दावा
तेल अवीव/तेहरान/वाशिंगटन (आरएनआई) ईरान और इस्राइल के बीच जारी संघर्ष को एक सप्ताह हो गया है। हर बीतते दिन के साथ दोनों पुराने दुश्मनों के बीच संघर्ष और तेज होता जा रहा है। इस बीच, ट्रंप ने कहा है कि वो ईरान पर हमले को लेकर दो सप्ताह में निर्णय लेंगे। उन्हें अब भी आस है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए समझौते पर राजी हो जाएगा। वहीं, ईरान ने इस्राइल के खिलाफ अपने हमले तेज कर दिए हैं। ईरानी मिसाइलों ने देर रात इस्राइली अस्पताल को निशाना बनाया। इसके जवाब में इस्राइल ने बृहस्पतिवार को ईरान में परमाणु ठिकानों पर बमबारी की। ईरान के ताजा हमलों में कम से कम 240 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार गंभीर रूप से घायल हैं।
इस्राइल ने तेहरान में ड्रोन हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में एक परमाणु वैज्ञानिक को निशाना बनाया गया है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस्राइली सेना ने इसे लेकर कोई बयान जारी किया है। इस्राइली सेना ने बताया कि उनके लड़ाकू विमानों ने आज ईरान में हमला कर उसके करीब 35 मिसाइल लॉन्चर को तबाह कर दिया। आईडीएफ ने बताया कि इस हमले को 25 लड़ाकू विमानों ने अंजाम दिया।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने बताया है कि ईरान को खोनदाब इलाके में स्थित परमाणु प्लांट को इस्राइली हमले में भारी नुकसान पहुंचा है। एजेंसी ने बताया कि हमले में परमाणु प्लांट की डिस्टीलेशन यूनिट को भी नुकसान हुआ है।
इस्राइल ने आरोप लगाया है कि ईरान ने उसके खिलाफ क्लस्टर बम का इस्तेमाल किया। क्लस्टर बम को बेहद खतरनाक माना जाता है, जो आम नागरिकों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। दरअसल यह बम हवा में ही कई भागों में बंट जाता है और एक साथ कई निशानों को तबाह कर सकता है।
इस्राइल ने बताया है कि ईरान के हमले में बीरशेबा में पांच लोग घायल हुए हैं। हमले में एक इमारत को नुकसान पहुंचा है।
ईरान ने इस्राइल के बीरशेबा और आसपास के शहरों में मिसाइलों से हमला किया है, जिससे इन शहरों में सायरन बज उठे। सायरनों की आवाज सुनकर लोग बंकरों में घुस गए। बीरशेबा में हुए मिसाइल हमले में कई गाड़ियों में आग लग गई। दरअसल ईरान की तरफ से दागी गई मिसाइल बीरशेबा में एक रिहायशी अपार्टमेंट के बाहर गिरी, जिससे वहां खड़ी कारों में आग लग गई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



