इंदौर में भीषण आग हादसा: ई-कार चार्जिंग से लगी आग, सिलेंडर फटने से 6 की मौत
इंदौर (आरएनआई): इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित एक कॉलोनी में बुधवार तड़के हुए भीषण आग हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें 6 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुगलिया परिवार के घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलते हुए घर के अंदर पहुंच गई और वहां रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही घर में रखे सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। बताया जा रहा है कि चार गैस सिलेंडर फट गए, जिससे विस्फोट इतना जोरदार हुआ कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। हादसे के वक्त घर में सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे जनहानि अधिक हुई।
घटना के समय परिवार में एक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई रिश्तेदार भी घर पर ठहरे हुए थे। इसी वजह से मृतकों की संख्या बढ़ गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, तिलक नगर थाना क्षेत्र में सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)