आरोन कप 2026 का ऐतिहासिक समापन: खेल उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, रोमांचक पलों ने बढ़ाया उत्साह
गुना_आरोन (आरएनआई) स्व. राजा श्री बलभद्र सिंह स्टेडियम, आरोन में आयोजित आरोन कप 2026 का भव्य समापन समारोह अत्यंत उत्साह, गरिमा और जनसैलाब की उपस्थिति के साथ संपन्न हुआ। खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों की ऊर्जा और मैदान में छाया खेल भावना का अद्भुत दृश्य पूरे आयोजन को यादगार बना गया।

यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट स्वर्गीय बलवीर सिंह रघुवंशी जी की पुण्य स्मृति को समर्पित रहा। उनके समाजसेवी जीवन और खेल प्रोत्साहन की भावना को श्रद्धांजलि देते हुए आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹1,50,000 श्री प्रवेश रघुवंशी द्वारा तथा द्वितीय पुरस्कार ₹75,000 श्री अंकित रघुवंशी द्वारा प्रदान किया गया। इस सहयोग ने खिलाड़ियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।

समापन समारोह के दौरान एक रोमांचक क्षण तब आया जब आरोन नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दर्शकों में से एक हाथ से शानदार कैच पकड़ने वाले के लिए ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। इसी बीच विधायक महोदय के मैदान पर पहुंचते ही उन्होंने खेल भावना को और प्रोत्साहित करते हुए कहा— “कैप्टन, थोड़ा और…” और पुरस्कार राशि बढ़ाकर ₹15,000 कर दी। साथ ही दो हाथ से कैच पकड़ने पर ₹5,100 की अलग से राशि देने की घोषणा भी की गई। इस घोषणा से पूरा स्टेडियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता और युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज में ऊर्जा, समरसता और प्रेरणा का संचार करते हैं।
अंत में सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों, आयोजकों और खेल प्रेमियों को बधाई दी गई तथा स्वर्गीय बलवीर सिंह रघुवंशी जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)