आय से अधिक संपत्ति मामला: पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के घर विजिलेंस का छापा, 13 किलो सोना और 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद
उत्तर प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा में तैनात रहे पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अधिकारियों को करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और बड़ी मात्रा में हीरे-जवाहरात बरामद हुए। बरामद सोना-चांदी और आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
विजिलेंस के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में मामला दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर मामले की जांच जारी थी, जिसके तहत 7 और 8 जुलाई को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई।
जांच के दौरान टीम को लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में आवासीय प्लॉट, फ्लैट, कृषि भूमि और अन्य अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले। इसके अलावा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश संबंधी रिकॉर्ड भी बरामद किए गए।
छापेमारी में दो कारें—टोयोटा इनोवा और हुंडई आई-20—भी बरामद हुईं। इसके साथ ही एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और मकान की साज-सज्जा व घरेलू उपकरणों पर किए गए लाखों रुपये के खर्च से जुड़े दस्तावेज भी जांच एजेंसियों के हाथ लगे हैं।
विजिलेंस विभाग ने बताया कि मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली लखनऊ सेक्टर की टीम को पुलिस महानिदेशक और निदेशक सतर्कता की ओर से एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)