आजम खां सीतापुर जेल से रिहा, सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

आजम खां की रिहाई के बाद रामपुर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सपा नेता के शाम चार बजे तक शहर में पहुंचने की उम्मीद है। आजम को लेने के लिए उनके दोनों पुत्र अदीब और अब्दुल्ला आजम समेत अन्य लोग गए हैं।

Tuesday, September 23, 2025 - 15:08
0
आजम खां सीतापुर जेल से रिहा, सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

मुरादाबाद (आरएनआई) आजम खां की रिहाई पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि आजम खां कई महीनों से सीतापुर जेल में बंद थे। खुशी की बात ये है कि हाई कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को वह रिहा हो गए। मौलाना रजवी ने आजम खां को मशवरा देते हुए कहा कि जेल से रिहाई के बाद पूरे प्रदेश में अपने बिखरे हुए साथियों को एकजुट करें। एक राजनीतिक पार्टी के गठन का ऐलान करें। साल 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ अपने प्रत्याशी उतारें ताकि अखिलेश यादव को आपकी हैसियत का बखूबी अंदाजा हो जाएं। उत्तर प्रदेश का मुसलमान आपके साथ खड़ा नजर आएगा।

सपा नेता आजम खां की रिहाई के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इस मौके पर पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि आजम खां को कोर्ट से न्याय मिला है। वह पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं और आगे भी पार्टी में ही रहेंगे। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी छोड़ने को लेकर जो भी चर्चाएं हैं, वे केवल अफवाह हैं।

मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा ने कहा कि आज का दिन न्याय की जीत का दिन है। हमें न्यायपालिका पर हमेशा विश्वास था और रहेगा। जिस तरह से आजम खां को परेशान किया गया, वैसा किसी और नेता के साथ नहीं हुआ। अदीब खां ने कहा कि आजम खां हीरो हैं। मैं अपने सभी समर्थकों के साथ यहां उन्हें लेने आया हूं। आगे जो भी कहना होगा, अब्बा खुद कहेंगे।

आजम खां की रिहाई की खबर जैसे ही सामने आई सुबह से ही सीतापुर जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ उमड़ने लगी। उनके बड़े बेटे अदीब खां खुद कार्यकर्ताओं के साथ पिता को लेने पहुंचे थे। जेल के बाहर माहौल पूरी तरह सियासी रंग में रंगा नजर आया।इस दौरान सपा के कई बड़े नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। इनमें पार्टी की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अनुप गुप्ता, मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा और सपा जिला अध्यक्ष छत्रपति यादव प्रमुख रूप से शामिल थे।

पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां 23 माह बाद सीतापुर जिला कारागार से रिहा हो गए। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद उन्हें जमानत मिली थी। मंगलवार दोपहर 12:20 बजे आजम खां जेल से बाहर आए। हमेशा की तरह उन्होंने सफेद कुर्ता-पायजामा, काला चश्मा और सदरी पहन रखा था। जेल गेट से निकलने के बाद वह सीधे निजी गाड़ी में बैठकर रामपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान मीडिया से उन्होंने कोई बातचीत नहीं की।

शाम चार बजे तक सपा नेता के रामपुर पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले सपा नेता आजम खां को लेने पहुंचे कार्यकर्ताओं की 15 गाड़ियों का सीतापुर पुलिस ने चालान कर दिया। समर्थकों का कहना था कि पुलिस ने सभी वाहनों का गलत तरीके से चालान काटा है। इस कार्रवाई से सपाइयों में आक्रोश है। इस बीच, उनके घर के बाहर सन्नाटा है और केवल पत्नी डॉ. तजीन फात्मा ही मौजूद हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User