आज दिल्ली में तय होंगे हिमाचल कांग्रेस के लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी

हिमाचल प्रदेश में होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा गुरुवार को होगी।

Wednesday, April 24, 2024 - 00:32
0
आज दिल्ली में तय होंगे हिमाचल कांग्रेस के लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी

शिमला (आरएनआई) लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए हिमाचल कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा गुरुवार को होगी। प्रत्याशियों का चयन करने के लिए आयोजित होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का शेड्यूल जारी हो गया है। बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार दोपहर को नादौन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और गुरुवार को बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी 25 अप्रैल को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली जाएंगे।

बुधवार को विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के पैनल बनाने को नई दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होना भी संभावित है। छह विधानसभा उपचुनावों के लिए भी सर्वे के आधार पर संभावित प्रत्याशियों के पैनल तैयार किए जाएंगे। गुरुवार को होने वाली केंद्रीय समिति की बैठक में इन पैनल को रखा जाएगा। धर्मशाला और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र का मुख्यमंत्री खुद दौरा कर चुके हैं, स्थानीय राजनीति और समीकरणों के आधार पर अब मुख्यमंत्री इन दोनों सीटों के लिए प्रत्याशी तय करेंगे।

अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़सर और कुटलैहड़ के प्रत्याशियों को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली है। इन चार सीटों पर मुख्यमंत्री की पसंद से ही प्रत्याशी तय होंगे। गगरेट में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की राय को प्राथमिकता दी जाएगी। लाहौल-स्पीति से प्रत्याशी तय करने के लिए कांग्रेस अभी पसोपेश में है। यहां से भाजपा के पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा को पार्टी प्रत्याशी बनाने का फैसला अभी तक नहीं लिया गया है। उधर, कांगडा और हमीरपुर संसदीय सीट से कांग्रेस सीटिंग विधायकों को चुनाव लड़ाने की तैयारी में है। अगर विधायकों को चुनाव मैदान में उतारने पर एकराय नहीं बनी तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर दांव खेला जाएगा।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 26 अप्रैल को शिमला संसदीय सीट के तहत डोडरा क्वार और राजगढ़ में चुनावी जनसभाएं करना प्रस्तावित है। पार्टी नेताओं ने बताया कि 26 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुक्खू नई दिल्ली से सीधे जनसभाओं में पहुंचेंगे। उनके साथ शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद रहेंगे। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User