अलीगढ़ में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी: गलियों में मनमाने दामों पर बिक्री, प्रशासन के दावों पर उठे सवाल

Sunday, March 22, 2026 - 11:22
0
अलीगढ़ में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी: गलियों में मनमाने दामों पर बिक्री, प्रशासन के दावों पर उठे सवाल

अलीगढ़ (आरएनआई)। शहर में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की किल्लत बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर गली-मोहल्लों की छोटी-बड़ी दुकानों पर घरेलू सिलिंडर खुलेआम 1500 से 2000 रुपये तक की मनमानी कीमतों पर बेचे जा रहे हैं।

जिलाधिकारी संजीव रंजन के निर्देशन में पूर्ति विभाग भले ही जीरो टॉलरेंस और सख्ती के दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि जब तक गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण प्रणाली का गहन ऑडिट नहीं किया जाएगा, तब तक इस तरह की कालाबाजारी पर रोक लगाना मुश्किल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि व्यावसायिक सिलिंडरों की कमी के बावजूद घरेलू सिलिंडर दुकानों तक इतनी आसानी से कैसे पहुंच रहे हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने कहा है कि विभाग पूरी तरह सतर्क है और होटल, रेस्टोरेंट व मैरिज होम की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि रिफिल बुकिंग के बाद केवल अधिकृत हॉकरों के माध्यम से ही होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।

उधर, व्यावसायिक गैस की किल्लत का सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा है। कई प्रतिष्ठानों के चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और संचालक अब बिजली व कोयले जैसे महंगे विकल्पों का सहारा लेने को मजबूर हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई जगहों पर मेन्यू सीमित कर दिया गया है, जहां केवल वही व्यंजन परोसे जा रहे हैं जिन्हें कम गैस या बिना गैस के तैयार किया जा सकता है।

अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के चेयरमैन पंकज धीरज और महामंत्री विवेक बगाई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो कई होटल बंद होने की कगार पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समाधान निकालने और वैकल्पिक, प्रदूषण रहित ईंधन को बढ़ावा देने की मांग की है।

इस बीच प्रशासन की कार्रवाई में जीवनगढ़ क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 29 खाली सिलिंडर बरामद किए गए, जहां एक गैस एजेंसी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। वहीं रियाज नगर में एक हलवाई की दुकान से 11 सिलिंडर पकड़े गए और संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User