अयोध्या में सीएम योगी ने निषाद और वाल्मिकी समाज के साथ मनाई दिवाली, रामलला के किए दर्शन
अयोध्या (आरएनआई) दीपोत्सव के अगले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच दिवाली उत्सव मनाते हुए धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने दिन की शुरुआत सरयू अतिथि गृह से की और सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे रामलला के दरबार में पहुंचे और परिक्रमा व आरती की।
सीएम योगी ने रामलला के दर्शन के उपरांत वाल्मिकी समाज के लोगों से मुलाकात की और उनके साथ दिवाली मनाई। इसके बाद वे कंधरपुर स्थित निषाद बस्ती गए, जहां उन्होंने निषाद समाज के लोगों को दीपावली उपहार बांटे और उनकी सराहना की।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री दिगंबर अखाड़ा बड़ा भक्तमाल और मणिरामदास छावनी पहुंचे। कारसेवकपुरम में संतों के साथ बैठक के बाद उन्होंने जलपान भी किया। रामकथा पार्क में सफाई कर्मचारियों और नाविक समुदाय के सदस्यों के बीच समय बिताते हुए उन्होंने मिष्ठान वितरण किया।
दीपोत्सव में फिर टूटा विश्व रिकॉर्ड
अयोध्या ने लगातार नौवीं बार दीपोत्सव का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर कुल 29,25,051 दीप जलाए गए, जिनमें से 26,17,215 दीप अनवरत प्रज्ज्वलित रहे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने नए कीर्तिमान की घोषणा की और प्रमाणपत्र सीएम योगी आदित्यनाथ को सौंपा। इस दौरान संत-धर्माचार्य, प्रदेश सरकार के मंत्री और पोलैंड से आए अतिथि मौजूद रहे। राम की पैड़ी पर 20 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति में जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे।
महाआरती में भी रिकॉर्ड कायम
सरयू नदी की महाआरती में भी इस बार नया रिकॉर्ड बना। पिछले वर्ष 1100 अर्चकों के संयुक्त आरती रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इस बार 2158 अर्चक एवं मातृशक्तियों ने एक साथ आरती संपन्न की। कार्यक्रम में सीएम योगी, महंत शशिकांत दास, महंत जनार्दन दास और राज्य मंत्री उपस्थित रहे।
मलिन बस्ती में दीपावली उत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवकाली वार्ड के मातगैड क्षेत्र स्थित मलिन बस्ती में एससी समाज के परिवारों के साथ भी दीपावली मनाई। उन्होंने लोगों को रामलला का प्रसाद और उपहार वितरित किए। संबोधन की शुरुआत उन्होंने “भारत माता की जय”, “जय श्रीराम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के उद्घोष से की।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी उपस्थिति का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर उत्साह और उमंग साझा करना है। उन्होंने स्वच्छता की प्रशंसा करते हुए कहा कि बस्ती का साफ-सुथरा वातावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश का प्रमाण है।
कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



