अयोध्या में सनातन पर सवाल: राम की पैड़ी पर जलते दीपक पर झाड़ू, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
अयोध्या (आरएनआई) भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव के बाद विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नगर निगम के सफाईकर्मी राम की पैड़ी पर अब भी जल रहे दीपकों पर झाड़ू लगाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम स्थल से रवाना होते ही सफाईकर्मियों ने झाड़ू लगाना शुरू कर दिया, जबकि दीपक अभी पूरी तरह बुझ भी नहीं पाए थे। इस घटना पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए इसे “सनातन धर्म का अपमान” बताया है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दीपों की रौशनी के बीच सफाईकर्मी झाड़ू चला रहे हैं, जिससे कई दीपक बुझ गए। लोगों का कहना है कि इतनी पवित्र जगह और इतने बड़े आयोजन के बाद कम से कम सुबह तक इंतजार करना चाहिए था, ताकि श्रद्धा और परंपरा दोनों की मर्यादा बनी रहती।
बताया जा रहा है कि राम की पैड़ी पर इस वर्ष दीपोत्सव के दौरान लाखों दीपक जलाकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया था। लेकिन अब यह विवाद नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है।
सोशल मीडिया पर लोग सरकार और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
“राम की नगरी में जलते दीपक पर झाड़ू — ये सिर्फ सफाई नहीं, श्रद्धा की अवहेलना है,” — सोशल मीडिया पर एक यूजर की टिप्पणी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



