उत्तराखंड: अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप

Thursday, August 27, 2026 - 13:02
0
उत्तराखंड: अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप

सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी कार्रवाई के घेरे में हैं। एक महिला की शिकायत पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए उनके खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रही थीं।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक बातें लिखी गईं और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड में पहले भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज मामला भी शामिल है। वहीं, नेहरू कॉलोनी थाने में आरती गौड़ की शिकायत पर भी उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। आरती ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों से धमकी भरे फोन आने लगे।

उर्मिला सनावर नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो के बाद भी चर्चा में आई थीं। उन्होंने हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री से मदद की अपील की थी। वह सोशल मीडिया पर खुद को उर्मिला सुरेश राठौर के नाम से प्रस्तुत करती हैं और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी होने का दावा करती हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सुर्खियों में रही थीं। उनके कुछ दावों और बयानों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था। फिलहाल नए मामले में पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User