यूपी: राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में, सर्च कमेटी ने सौंपा तीन नामों का पैनल
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। सीईओ चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने मंगलवार को अपनी अंतिम रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी। कमेटी ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया है। अब ट्रस्ट इन नामों में से एक पर अंतिम फैसला करेगा। दो सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में सीईओ के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
राम मंदिर परिसर में हुई बैठक के बाद सर्च कमेटी के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी महाराज को रिपोर्ट सौंपी। इस दौरान ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कमेटी में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हावड़े भी शामिल हैं।
5585 आवेदनों में से चुने गए तीन उम्मीदवार
सीईओ पद के लिए शुरू हुई चयन प्रक्रिया में कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की स्क्रीनिंग के लिए कमेटी ने पात्रता, अनुभव और अन्य मानकों के आधार पर 600 अंकों का मूल्यांकन फॉर्म तैयार किया। इसमें 3577 आवेदकों ने हिस्सा लिया। स्क्रीनिंग के बाद 470 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 108 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चुना गया।
इसके बाद इन उम्मीदवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की गई। करीब चार दिन चली इस प्रक्रिया के बाद 17 उम्मीदवारों को अंतिम चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया और उन्हें अयोध्या बुलाया गया।
16 उम्मीदवारों का हुआ आमने-सामने इंटरव्यू
शॉर्टलिस्ट किए गए 17 उम्मीदवारों में से एक व्यक्तिगत कारणों के चलते अयोध्या नहीं पहुंच सका। बाकी 16 उम्मीदवारों का दो दिनों तक आमने-सामने इंटरव्यू लिया गया। इस दौरान उम्मीदवारों के अनुभव, विजन, कार्यक्षमता और संबंधित विषयों की समझ समेत कई पहलुओं का आकलन किया गया।
सभी चरणों के मूल्यांकन के बाद सर्च कमेटी ने तीन सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया और मंगलवार को अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी। अब ट्रस्ट की बैठक में इन तीन नामों पर विचार के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक सीईओ के नाम का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)