कौशांबी पटाखा फैक्टरी धमाका: बारूद से खड़ी की करोड़ों की सल्तनत पर चला बुलडोजर, ऊपरी मंजिल पर रहता था नौशाद
कौशांबी। मनौरी पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद प्रशासन ने मुख्य आरोपी नौशाद अली और उसके परिवार की संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम नौशाद के तीन मंजिला व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
बताया गया कि नौशाद मनौरी रेलवे ओवरब्रिज की सर्विस रोड स्थित इसी भवन की ऊपरी मंजिल पर परिवार के साथ रहता था। वहीं, निचली मंजिल पर उसके बेटे आदिल के नाम से डीजे बुकिंग का काम, ‘दूल्हा घर’ नाम से कपड़ों का शोरूम और पटाखे की दुकान संचालित होती थी।
इससे पहले प्रशासन ने सोमवार देर रात तक अवैध पटाखा गोदाम से सामान हटवाया और गोदाम को नष्ट कराया था। मंगलवार को भी कार्रवाई जारी रही। बुलडोजर कार्रवाई देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे और कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
प्रशासनिक कार्रवाई के बीच नौशाद, उसके बेटे आदिल और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने का अनुमान सामने आया है। हालांकि, संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और उनके स्वामित्व की स्थिति की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए धन का स्रोत क्या था और पटाखा कारोबार से कितनी कमाई हुई। मनौरी बाजार में परिवार के पांच पटाखा गोदाम होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा मनौरी रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे एक आलीशान मकान होने की बात भी सामने आई है।
परिवार के पास डीजे की कई गाड़ियां और लग्जरी वाहन होने की जानकारी भी सामने आई है। प्रशासन अब इन संपत्तियों और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है। हादसे के बाद प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)