दिल्ली: हर्ष विहार में निर्माणाधीन मकान ढहा, मलबे में मजदूरों के दबे होने की आशंका

Sunday, October 25, 2026 - 23:05
0
दिल्ली: हर्ष विहार में निर्माणाधीन मकान ढहा, मलबे में मजदूरों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मिलान गार्डन इलाके में रविवार शाम एक निर्माणाधीन मकान अचानक ढह गया। हादसा मकान की पहली मंजिल का लेंटर डालने के कुछ देर बाद हुआ। मलबे में मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, शाम 6 बजकर 46 मिनट पर मकान गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की पांच गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस के साथ दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और सिविल डिफेंस की टीमें भी बचाव कार्य में जुट गईं। मलबा हटाकर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं कोई व्यक्ति उसके नीचे तो नहीं फंसा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मौके पर पहले से एक पुराना एक मंजिला मकान बना हुआ था, जिसके ऊपर एक अतिरिक्त मंजिल का निर्माण किया जा रहा था। रविवार को नए लेंटर का काम पूरा होने के कुछ समय बाद पूरा ढांचा ढह गया। मकान मालिक ने आशंका जताई कि हादसे के समय नीचे मौजूद दो मजदूर मलबे में दबे हो सकते हैं। हालांकि, उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल की स्थिति जटिल होने के कारण मलबे के नीचे किसी के फंसे होने की पुष्टि करना मुश्किल है। बचाव दल लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। मकान के पुराने ढांचे की मजबूती और निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इन पहलुओं की भी जांच की जा सकती है।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से घायलों या मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। मलबा हटने के बाद ही हादसे में हुए नुकसान और संभावित जनहानि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User