उद्धव ठाकरे का PM पर निशाना: बोले- युवाओं से मिलने का समय नहीं, गद्दारों से मुलाकात के लिए वक्त
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने अपनी पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए सांसदों से प्रधानमंत्री की मुलाकात को लेकर सवाल उठाए।
ठाकरे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के पास प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मिलने का समय नहीं है, लेकिन 'गद्दारों' से मुलाकात के लिए वक्त है। एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजग के घटक दलों के सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की थी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी के छह नवनिर्वाचित सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
बागी सांसदों से मुलाकात पर उठाए सवाल
मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि क्या मोदी और शिवसेना (यूबीटी) छोड़ने वाले छह सांसदों के बीच हुई मुलाकात का मकसद सुप्रीम कोर्ट को 'डराना' था। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी की उस याचिका पर सुनवाई चल रही है, जिसमें निर्वाचन आयोग के शिंदे गुट को 'असली शिवसेना' मानने के फैसले को चुनौती दी गई है।
ठाकरे ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला संविधान के आधार पर होगा और उन्हें संविधान पर भरोसा है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के पास युवाओं से मिलने का समय नहीं है, लेकिन गद्दारों से मिलने का समय है। गद्दारों को यह भरोसा दिया जा रहा है कि प्रधानमंत्री उनके साथ हैं। क्या आप सुप्रीम कोर्ट को डराने की कोशिश कर रहे हैं?"
प्रधानमंत्री और छह सांसदों की मुलाकात का जिक्र करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है, तब 'गद्दारों' से मिलने की क्या वजह हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सुप्रीम कोर्ट के सामने उठाया जाएगा।
शिवसेना (यूबीटी) की याचिका लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के उस फैसले को चुनौती देती है, जिसमें छह सांसदों के प्रतिद्वंद्वी शिवसेना में विलय को मान्यता दी गई थी। ठाकरे ने सवाल किया, "क्या पीएम न्यायपालिका, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को धमका रहे हैं?"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)