तीन हाईकोर्ट को मिलेंगे नए मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की सिफारिश
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के लिए नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की है। सोमवार को हुई कॉलेजियम की बैठक में तीनों न्यायाधीशों के नामों पर फैसला लिया गया। अब इन सिफारिशों पर केंद्र सरकार को संवैधानिक प्रक्रिया के तहत निर्णय लेना है।
कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वहीं गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के लिए राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी का नाम प्रस्तावित किया गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी और नियुक्ति की अधिसूचना जारी होने के बाद तीनों न्यायाधीश संबंधित हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
राजस्थान हाईकोर्ट की सिफारिश की पृष्ठभूमि भी अहम
राजस्थान हाईकोर्ट के लिए जस्टिस संजय के. अग्रवाल के नाम की सिफारिश ऐसे समय हुई है, जब हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद को लेकर चर्चा चल रही थी। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता ने राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा को अगस्त में तीन पत्र लिखे थे।
इन पत्रों में जस्टिस मेहता ने राजस्थान हाईकोर्ट के लिए राज्य के बाहर से स्थायी मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने का आग्रह किया था। कॉलेजियम की नई सिफारिश के बाद अब राजस्थान हाईकोर्ट को स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिलने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)