केपीएससी भर्ती विवाद: ‘सबूत मिले तो राजनीति छोड़ दूंगा’, कुमारस्वामी के आरोपों पर प्रियांक खरगे का पलटवार
बेंगलूरू। कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर राज्य की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की ओर से भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए जाने के बाद कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने पलटवार किया है। खरगे ने कहा कि यदि केपीएससी से जुड़े किसी भी मामले में उनकी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका साबित होती है, तो वह राजनीति छोड़ने के लिए तैयार हैं।
प्रियांक खरगे ने कुमारस्वामी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आरोप लगाने वालों को उनके समर्थन में दस्तावेज और ठोस सबूत सामने रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो जांच होने दी जानी चाहिए और सच सामने आना चाहिए। बिना दस्तावेज के लगातार आरोप लगाना उन्होंने ‘हिट एंड रन’ की राजनीति करार दिया।
खरगे ने कहा कि कुमारस्वामी पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उनसे इस तरह के आरोपों के बजाय तथ्यों और दस्तावेजों के साथ सामने आने की उम्मीद की जाती है। उन्होंने कुमारस्वामी पर 24 एईई पदों पर भर्ती को लेकर दुष्प्रचार करने का भी आरोप लगाया।
आरएसएस और अमित शाह को लेकर भी लगाया आरोप
बेंगलूरू में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रियांक खरगे ने आरोप लगाया कि कुमारस्वामी हाल ही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यालय गए थे। उन्होंने दावा किया कि ऐसा लगता है कि उन्हें आरएसएस या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से उन्हें निशाना बनाने का जिम्मा दिया गया है। हालांकि, इन आरोपों पर कुमारस्वामी या संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रियांक खरगे ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि केपीएससी भर्ती से जुड़े किसी मामले में उनकी भूमिका साबित होती है तो वह राजनीति से संन्यास लेने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा या जेडीएस की भूमिका साबित होती है तो क्या उनके नेता भी इसी तरह की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार होंगे।
फिलहाल केपीएससी भर्ती प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बीच दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मामले में दस्तावेजी सबूत और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)