बाली के पास यात्री जहाज में लगी आग, 106 लोगों को बचाया गया; 25 अब भी फंसे, 4 मीटर ऊंची लहरों ने बढ़ाई मुश्किल
इंडोनेशिया के पर्यटन द्वीप बाली के पास बुधवार सुबह एक यात्री जहाज में आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के समय जहाज पर 131 लोग सवार थे, जिनमें 114 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य शामिल थे। बचाव दल ने 106 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है, जबकि 25 लोगों को बचाने के लिए अभियान जारी है।
मताराम सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के मुताबिक, आग सुबह करीब 4:15 बजे 'पुत्री यास्मीन' जहाज में लगी। जहाज बाली के पाडांग बाई पोर्ट से लोम्बोक के लेम्बर पोर्ट की ओर जा रहा था। घटना की सूचना करीब आधे घंटे बाद मिली, जिसके बाद बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया।
बचाव अभियान में इंडोनेशियाई नौसेना के जहाज, पेट्रोल बोट, बचाव नौकाएं और हवाई निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। आग बुझाने की कोशिशें भी जारी हैं।
4 मीटर ऊंची लहरों से रेस्क्यू में परेशानी
समुद्र में तेज हलचल और करीब 4 मीटर ऊंची लहरों के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकालना उनकी पहली प्राथमिकता है।
जहाज पर 44 गाड़ियां और 53 मोटरसाइकिलें भी लदी हुई थीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इंडोनेशिया में समुद्री यात्रा बेहद आम है। 17 हजार से अधिक द्वीपों वाले इस देश में यात्रियों और सामान के परिवहन के लिए जहाजों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। हालांकि, यहां समुद्री हादसों के पीछे अक्सर सुरक्षा नियमों के कमजोर पालन को भी एक वजह माना जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)