लखनऊ हिट एंड रन: कार रोकने की कोशिश कर रही युवती को टक्कर मारने का आरोप, युवक गिरफ्तार
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास बुधवार सुबह एक युवती को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। युवती ने अपने परिचित युवक शहनवाज अली और उसके दोस्त दानिश पर विवाद के बाद कार से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में शहनवाज को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने बताया कि वह शहनवाज अली के साथ संबंध में थी। बुधवार सुबह वह पार्क के पास चाय पीने गई थी। इसी दौरान शहनवाज अपने दोस्त दानिश और दो अन्य युवतियों के साथ कार से वहां पहुंचा। युवती का आरोप है कि अन्य युवतियों के साथ संबंध को लेकर उसने विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और कहासुनी हुई।
युवती के अनुसार, विवाद के बाद शहनवाज और दानिश कार लेकर जाने लगे। उसने कार रोकने का प्रयास किया, तभी आरोप है कि शहनवाज ने उसे कार से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर शहनवाज अली को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दानिश की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)