प्रयागराज: हिस्ट्रीशीटर लल्ला पर सपा जिला सचिव पवन यादव की हत्या का आरोप, चार हिरासत में
प्रयागराज। हंडिया में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक बरामद की गई है। मामले का आधिकारिक खुलासा बुधवार शाम तक किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला ने कथित तौर पर अपने दो साथियों निहाल अली और बृजेश यादव के साथ मिलकर पवन यादव पर गोली चलाई थी। तीनों के बाइक से वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। चौथे आरोपी के रूप में गांव की महिला प्रधान के पति विनोद यादव का नाम बताया जा रहा है।
जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत कई गंभीर धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि मूल रूप से भदोही निवासी लल्ला और पवन यादव के बीच पुरानी रंजिश थी। पुलिस के अनुसार, लल्ला को पवन पर वर्ष 2022 के मामले में मुखबिरी करने का संदेह था। इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
उधर, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस तैनात रही। बड़ी संख्या में सपा नेता और क्षेत्रीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)