छाता शुगर मिल धरना स्थल पर देर रात हंगामा, पुलिस-ग्रामीणों में तीखी नोकझोंक

रेखा शर्मा

Tuesday, September 1, 2026 - 11:33
Updated: 2 months ago
0

मथुरा के छाता से देर रात धरना स्थल पर हंगामे की खबर सामने आई है। छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर पूर्व सैनिकों और किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी दौरान पुलिस-प्रशासन की टीम प्रदर्शनकारियों से वार्ता करने पहुंची, लेकिन अधिकारियों के लौटते समय पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

जानकारी के मुताबिक, देर रात उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार और पुलिस निरीक्षक विजेंद्र राणा पुलिस टीम के साथ धरना स्थल पहुंचे थे। अधिकारियों ने आंदोलन कर रहे किसानों और पूर्व सैनिकों से बातचीत कर उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। अधिकारियों के वापस लौटते समय ग्रामीणों को पुलिस की गाड़ी में एक आंदोलनकारी को बैठाकर ले जाने का शक हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को रोक लिया।

गाड़ी रोके जाने के बाद मौके पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक और गहमागहमी होती रही। पुलिस निरीक्षक ने ग्रामीणों को समझाते हुए बताया कि गाड़ी में मौजूद युवक धरने में शामिल नहीं था और उसे किसी अन्य मामले में दूसरी जगह से पकड़ा गया है। पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए।

घटना की जानकारी आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण धरना स्थल पर पहुंचने लगे। मौके पर महिलाओं की भी मौजूदगी रही। भीड़ बढ़ने के बाद कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए रही।

फिलहाल छाता शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर किसानों और पूर्व सैनिकों का धरना जारी है। देर रात हुए हंगामे के बाद प्रशासन भी सतर्क है और धरना स्थल पर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User