एमपी में बड़ा हादसा: रीवा-सीधी मार्ग पर बस-बल्कर की आमने-सामने भिड़ंत, कई लोगों की मौत की खबर; 20 से ज्यादा घायल
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा-सीधी मार्ग पर बदबार स्टैंड के पास बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से आ रहे बल्कर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कई लोगों की मौत की भी खबर है, हालांकि मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत गुढ़ थाना पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में मदद के लिए मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)