नेपाल में बाढ़ से तबाही, मृतकों का आंकड़ा 1,127 पहुंचा; 4,858 लोग अब भी लापता, भारत की पांचवीं मदद रवाना

Wednesday, September 2, 2026 - 12:00
0
नेपाल में बाढ़ से तबाही, मृतकों का आंकड़ा 1,127 पहुंचा; 4,858 लोग अब भी लापता, भारत की पांचवीं मदद रवाना

काठमांडू। नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। आपदा के एक सप्ताह बाद भी राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मृतकों की संख्या बढ़कर 1,127 हो गई है, जबकि 4,858 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, लेकिन बड़ी संख्या में प्रभावित लोग अब भी संकट से जूझ रहे हैं। आपदा के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पर मानसिक और भावनात्मक असर भी देखने को मिल रहा है।

नेपाल पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक शव चितवन से 348, नवलपरासी ईस्ट से 217, नवलपरासी वेस्ट से 190 और नुवाकोट से 155 बरामद किए गए हैं। इसके अलावा गोरखा से 66, धादिंग से 59, रसुवा से 45 और तनहूं से 38 शव मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, अब तक 1,113 शवों का पोस्टमार्टम और कानूनी पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इनमें से 95 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। अज्ञात शवों की पहचान में मदद के लिए नेपाल पुलिस ने 911 शवों से जुड़ी जानकारी अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है, ताकि परिजन तस्वीरों और अन्य विवरणों के आधार पर अपने लापता रिश्तेदारों की पहचान कर सकें।

सुरक्षा बलों ने अब तक 6,541 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित बाहर निकाला है। वहीं, 4,858 लोगों की तलाश अभी जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बल और बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

त्रिशूली बाजार पहुंचे सोनू सूद

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद मंगलवार को नेपाल के बाढ़ प्रभावित त्रिशूली बाजार पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं। बाढ़ से हुए भारी नुकसान को देखकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि प्रभावित लोगों को सामान्य जिंदगी में लौटने में काफी समय लग सकता है।

सोनू सूद ने नेपाल की मदद के लिए भारत सरकार के प्रयासों की सराहना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में नेपाल को दी जा रही सहायता जारी रखना जरूरी है, क्योंकि प्रभावित लोगों की मुश्किलें कुछ हफ्तों या महीनों में खत्म नहीं होंगी। उन्होंने लोगों से नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील भी की।

भारत ने भेजी पांचवीं मदद

नेपाल में राहत और बचाव अभियान के लिए भारत की ओर से सहायता का सिलसिला जारी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को बताया कि भारत का पांचवां विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना हो गया है। उनके अनुसार, विमान में 11 सदस्यीय विशेष बचाव दल के साथ राहत एवं बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाले जरूरी उपकरण भी भेजे गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User