E20 पेट्रोल विवाद: नितिन गडकरी पर आरोप लगाने वाले चार इंफ्लुएंसरों पर केस दर्ज
नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को कथित रूप से बदनाम करने के आरोप में चार सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने ई20 (इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की और मंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
जिन चार इंफ्लुएंसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप, देसी ब्वॉयज एनसीआर, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाटे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन सभी ने इथेनॉल ईंधन से जुड़े वीडियो और सामग्री के माध्यम से कथित रूप से गलत जानकारी फैलाई तथा नितिन गडकरी का नाम जोड़कर उनकी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
यह शिकायत भाजपा के सोशल मीडिया सेल के नागपुर प्रमुख शिशिर त्रिपाठी ने नागपुर साइबर पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो को विश्वसनीय दिखाने के लिए कथित रूप से भ्रामक इंटरव्यू और दावे प्रस्तुत किए गए, जिससे आम लोगों में भ्रम फैलाया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि इस तरह की सामग्री से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक आरोपों पर संबंधित इंफ्लुएंसरों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



