गुना अंडरपास की जर्जर हालत पर उठी आवाज, DRM भोपाल से तत्काल जीर्णोद्धार की मांग

Thursday, August 27, 2026 - 17:35
Updated: 2 months ago
0
गुना अंडरपास की जर्जर हालत पर उठी आवाज, DRM भोपाल से तत्काल जीर्णोद्धार की मांग

गुना रेलवे स्टेशन एवं EN कार्यालय के समीप स्थित अंडरपास की जर्जर हालत को लेकर यात्री सेवा संगठन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष एवं पूर्व पश्चिम मध्य रेलवे रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (XZRUCC) सदस्य सुनील आचार्य ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM) भोपाल सहित संबंधित DEN एवं EN अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल निरीक्षण एवं जीर्णोद्धार की मांग की है।

आचार्य ने पत्र में बताया कि यह अंडरपास गुना रेलवे स्टेशन एवं EN कार्यालय से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। अंडरपास के दूसरी ओर श्रीराम कॉलोनी सहित दर्जनों कॉलोनियां हैं, जिनमें रहने वाले हजारों छात्र-छात्राओं एवं आम राहगीरों के लिए यह प्रमुख आवागमन मार्ग है। कॉलोनियों को जोड़ने वाला यह मार्ग कम दूरी का होने के कारण दिन-रात लोगों के आवागमन में उपयोग होता है।

उन्होंने बताया कि अंडरपास के ऊपर से कोटा-बीना एवं इंदौर रेल लाइन गुजरती हैं और लगातार रेल यातायात संचालित होता रहता है। वर्तमान में अंडरपास की छत की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बारिश के दौरान छत से जगह-जगह पानी टपकता है। कंक्रीट की छत होने के बावजूद वर्षा का पानी नीचे आने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छत से गिट्टी गिरने की शिकायत, दुर्घटना का डर

पत्र में स्थानीय राहगीरों की शिकायत का हवाला देते हुए कहा गया है कि ट्रेनों के गुजरने के दौरान अंडरपास की छत से कुछ स्थानों पर गिट्टी अथवा कंक्रीट के छोटे टुकड़े नीचे गिरने की बात सामने आई है। इससे राहगीरों में भय बना रहता है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका है।

सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे

अंडरपास के अंदर तथा दोनों ओर की सड़क भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को इनकी गहराई का पता नहीं चलता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।

आचार्य के अनुसार, पूर्व में भी राहगीरों की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया था। उस समय सड़क पर डस्ट डालकर गड्ढों को भर दिया गया था, लेकिन वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क फिर से जर्जर हो गई। उनका कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है।

व्यक्तिगत नहीं, राहगीरों की समस्या

सुनील आचार्य ने स्पष्ट किया कि यह उनकी व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, बल्कि स्थानीय राहगीरों एवं नागरिकों ने उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ZRUCC सदस्य के रूप में उन्होंने रेल यात्रियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया है और अधिकारियों के स्नेहपूर्ण सहयोग से कई समस्याओं का समाधान भी हुआ है। 

उन्होंने DRM भोपाल एवं संबंधित रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि अंडरपास का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, छत से हो रहे पानी के रिसाव को स्थायी रूप से बंद किया जाए, छत की सुरक्षा जांच कर मरम्मत कराई जाए तथा अंडरपास एवं दोनों ओर की जर्जर सड़क का स्थायी रूप से निर्माण कराया जाए।

आचार्य ने कहा कि यह मार्ग हजारों नागरिकों और विद्यार्थियों के एंव रेल कर्मचारियो के दैनिक आवागमन का प्रमुख रास्ता है, इसलिए जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User