डीजे गाड़ी को ओवरटेक करने पर रामपुर-संभल के कांवड़ियों में विवाद, मारपीट में कई घायल
बिजनौर के धामपुर में सोमवार देर रात डीजे की गाड़ी को ओवरटेक करने को लेकर रामपुर और संभल के कांवड़ियों के दो गुटों में विवाद हो गया। राजपूताना चौपले पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना में कई कांवड़ियों के चोटिल होने की जानकारी है। विवाद के चलते मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे राजपूताना चौपले पर रामपुर और संभल के कांवड़ियों के बीच डीजे वाहन को ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
घटना के दौरान लाठी-डंडे चलने की भी जानकारी सामने आई है। मारपीट में कई कांवड़ियों के चोटिल होने की बात कही जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। कांवड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस को स्थिति संभालने में कुछ समय लगा। काफी प्रयास के बाद मामला शांत कराया गया।
धामपुर में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए राजपूताना चौपले पर पुलिस चौकी भी स्थापित की गई है। पुलिसकर्मी लगातार कांवड़ियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। मामला शांत होने के बाद दोनों पक्षों के कांवड़ियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)