आंगनबाडी केन्द्र संचालन में अनियमितताएं पाये जाने पर की जावेगी अनुशासनात्मक कार्यवाही
जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल शिक्षा सेवाओं के सुचारू संचालन को लेकर विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर किशोर कन्याल के निर्देश में आज इसी कड़ी में जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों द्वारा विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परियोजना आरोन में आंगनबाड़ी केन्द्र वार्ड 1 (01) एवं (02), वार्ड 02, 03, 04, रायपुरा, फतेहपुर, गैलोन, पडरयाई, मोहनबाड़ा एवं सांकरा, परियोजना चाचौडा में आंगनबाडी केन्द्र झूकरा, झुकरी, वार्ड 10 एवं मुसरेडी, परियेाजना गुना ग्रामीण में आंगनबाडी केन्द्र रसूलपुर एवं सोंठी, परियोजना गुना शहर में आंगनबाडी केन्द्र दीनदयाल नगर, बांसखेड़ी चतुर्थ, आजाद कॉलोनी, बांसखेड़ी प्रथम पर आंगनबाडी केन्द्र संचालन में अनियमितताएं पाई गई। जिससे आंगनबाडी केन्द्रों पर आने वाले नौनिहाल बच्चों और गर्भवती व धात्री माताओं को शासन की महत्वाकांक्षी पोषण आहार योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका। इसके अलावा कुछ केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका बिना किसी पूर्व सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाई गईं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश चंदेल मबावि द्वारा उक्त अनियमिताओं एवं शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर संबंधित परियोजना अधिकारी के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 'कारण बताओ नोटिस' जारी कर 03 कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध मध्य प्रदेश शासन के नियमानुसार मानदेय कटौती, सेवा समाप्ति अथवा पद से पृथक करने की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रतिदिन अनिवार्य रूप से किया जाना है। बच्चों को मिलने वाले गर्म पके हुए भोजन , टीएचआर तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)