CM सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग पर जन सुराज के नेता ने उठाए सवाल, DGCA जांच की मांग

Monday, July 20, 2026 - 12:13
Updated: 3 months ago
0
CM सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग पर जन सुराज के नेता ने उठाए सवाल, DGCA जांच की मांग

बेगूसराय(आरएनआई)CM सम्राट चौधरी के 19 जुलाई के बेगूसराय दौरे के दौरान गांधी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर जन सुराज पार्टी के नेता एवं पूर्व वायु सेना अधिकारी विंग कमांडर रणजीत कुमार ने सवाल उठाए हैं।

 उन्होंने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इस मामले की जांच कराने और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से संज्ञान लेने की मांग की है।

रणजीत कुमार ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सिविल एविएशन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से फ्लाइट सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में वायु सेना स्टेशन नहीं होने की स्थिति में स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है, इसलिए पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि गांधी स्टेडियम में पहली बार हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई गई, जबकि वहां पहले से स्थापित हेलीपैड नहीं है। उनके अनुसार स्टेडियम के आसपास घनी आबादी, हाई टेंशन बिजली के तार और ऊंचे टावर मौजूद हैं। ऐसे में वहां हेलीकॉप्टर उतारने के फैसले पर सवाल उठाए जाने चाहिए।

रणजीत कुमार ने यह भी दावा किया कि खराब मौसम के बावजूद बिना ट्रायल लैंडिंग के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतारा गया। उन्होंने कहा कि किसी भी वीआईपी दौरे से पहले सामान्यतः हवाई पूर्वाभ्यास, काफिला परीक्षण तथा सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का सत्यापन किया जाता है। उनके अनुसार इन प्रक्रियाओं का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है।

जन सुराज नेता ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जिस आईओसीएल परिसर में आयोजित था, वहां पहले से हेलीपैड उपलब्ध है। इसके अलावा उलाव हवाई अड्डे का भी उपयोग किया जा सकता था। उन्होंने सवाल उठाया कि इन विकल्पों के बावजूद गांधी स्टेडियम को लैंडिंग स्थल क्यों चुना गया।

फेसबुक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर में लंबे समय तक जाम की स्थिति रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में कोई चूक हुई है तो इसकी भी जांच होनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User