अंकित बालियान हत्याकांड: जान के खतरे के चलते तेरहवीं में नहीं पहुंचे गायक मासूम शर्मा, पिता ने पुलिस कार्रवाई को बताया सही
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की तेरहवीं के दौरान उनके परिवार और करीबियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में हरियाणा के गायक मासूम शर्मा शामिल नहीं हो सके। उन्होंने अंकित के पिता सतबीर फौजी को फोन कर अपनी असमर्थता जताई और बताया कि जान के खतरे के कारण वह कार्यक्रम में नहीं आ पाए। सतबीर फौजी ने उन्हें आने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ मौजूद हैं।
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए आरोपियों को लेकर उनके पिता सतबीर फौजी ने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह की कार्रवाई पर संतोष जताया।
तेरहवीं कार्यक्रम में एमएलसी मोहित बेनीवाल भी पहुंचे। स्कूल के पास वाहनों की पार्किंग होने के कारण उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ा। वहीं हरियाणा के गायक अमित ने भी अंकित की हत्या पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि अंकित उनके आगामी गाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले थे। अब उनके सम्मान में नया गाना शूट करने की बात कही गई है। अमित ने अंकित के परिवार की मदद और उनका ध्यान रखने का भरोसा भी दिलाया।
फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट पर पुलिस की नजर
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोग वांछित शार्प शूटरों के नाम से इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित तौर पर फर्जी प्रोफाइल बना रहे हैं। इन अकाउंट से वीडियो और पोस्ट साझा कर पुलिस को चुनौती देने की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है और फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों की पहचान की जा रही है।
पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि पुलिस एसटीएफ के साथ तालमेल बनाकर काम कर रही है। उन्होंने मुठभेड़ में दो आरोपियों के मारे जाने को पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा बताया और कहा कि सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने अंकित की मौत पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
एमएलसी मोहित बेनीवाल ने कहा कि अंकित ने अपनी प्रतिभा के जरिए कई प्रदेशों के युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। वहीं अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में माफियाओं को संरक्षण मिलता था।
लोनी नगर पालिका चेयरमैन मनोज धामा ने कहा कि किसी को किसी का गाना पसंद नहीं आने का मतलब यह नहीं कि विवाद या हिंसा का रास्ता अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहचान खेल और गन्ने की खेती से है, अपराध से नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)