हैदराबाद में निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत ढही, दो मजदूरों की मौत; आसपास के फ्लैट भी हुए क्षतिग्रस्त
हैदराबाद के गच्चीबौली इलाके में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना अंजय्या नगर में करीब दोपहर एक बजे हुई। सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की।
बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक दोनों मृतक मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और निर्माणाधीन इमारत में टाइल लगाने का काम कर रहे थे। राहत एवं बचाव कार्य में विक्टिम लोकेशन कैमरा समेत आधुनिक उपकरणों की मदद ली गई।

इमारत गिरने के बाद मलबा आसपास की अपार्टमेंट इमारतों पर जा गिरा, जिससे कुछ फ्लैट क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा को देखते हुए आसपास की कुछ इमारतों में रहने वाले लोगों को घर खाली करने के लिए कहा गया है।
क्षेत्रीय दमकल अधिकारी सुधाकर राव ने बताया कि आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को फिलहाल रात के समय अंदर नहीं रहने की सलाह दी गई है। नगर निगम की टीम 23 अगस्त को इन इमारतों की मजबूती की जांच करेगी। सुरक्षित पाए जाने के बाद ही लोगों को दोबारा रहने की अनुमति दी जाएगी।
साइबराबाद नगर निगम की आयुक्त जी. श्रीजना के मुताबिक जिस निर्माणाधीन इमारत में हादसा हुआ, उसे करीब चार महीने पहले जब्त किया गया था। इसके बावजूद शुक्रवार को वहां दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक आगे की कार्रवाई होती, उससे पहले ही शनिवार को इमारत ढह गई।
हैदराबाद डिजास्टर रिस्पांस एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी के आयुक्त एवी रंगनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इमारत सात मंजिलों के अलावा एक पेंटहाउस के साथ बनाई जा रही थी और करीब 50 से 60 वर्ग गज के छोटे भूखंड पर निर्माण हुआ था।
अधिकारियों के अनुसार इमारत और आसपास की कुछ अन्य इमारतें नाले के पास बनाई गई थीं। इनमें जरूरी सेटबैक समेत कई निर्माण नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई है। एजेंसी और साइबराबाद नगर निगम अब नियमों का उल्लंघन कर बनाई गई ऐसी इमारतों की जांच कर कार्रवाई की तैयारी में हैं। जरूरत पड़ने पर ऐसी इमारतों को गिराया भी जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)