AAP सरपंच हत्या मामला: मुख्यमंत्री मान सख्त, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए DGP को निर्देश
चंडीगढ़ (आरएनआई)। पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच जर्मल सिंह वल्टोहा की दिनदहाड़े हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी गौरव यादव से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री मान ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि इस जघन्य हत्या के पीछे शामिल सभी लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
यह सनसनीखेज वारदात रविवार को अमृतसर के मेरी गोल्ड पैलेस में उस समय हुई, जब सरपंच जर्मल सिंह वल्टोहा एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान हमलावरों ने पैलेस के भीतर घुसकर उनके सिर में दो गोलियां मार दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना दिनदहाड़े और सार्वजनिक स्थान पर होने के कारण पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सरपंच वल्टोहा तरन तारन जिले के खेमकरण विधानसभा क्षेत्र से विधायक सरवण सिंह धुन्न के करीबी माने जाते थे। हत्या के बाद विपक्षी दलों ने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं और सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल की ओर से पिछले छह महीनों से सरपंच वल्टोहा से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। इससे पहले भी उन पर दो बार हमले हो चुके थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें निशाना बनाया गया।
इस हत्याकांड को पंजाब में बढ़ते गैंगस्टर नेटवर्क और अपराध की गंभीर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। अब राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर दबाव है कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाए और जनता को यह भरोसा दिलाया जाए कि कानून का राज कायम है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



