69वीं 14 वर्षीय बालक राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
गुना (आरएनआई) खेलों के क्षेत्र में गुना जिले को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली शालेय 69वीं 14 वर्षीय बालक राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ आज गुना स्थित उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नोडल खेल केंद्र में हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के 27 राज्यों एवं 7 संगठनों से आए लगभग 420 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल स्टाफ भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने की। कार्यक्रम में मुख्यातिथि धर्मेन्दर सिकरवार थे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश गोयल, सहायक संचालक सुश्री प्रेरणा गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुश्री गरिमा टोप्पो तथा मध्यप्रदेश टीम के कोच अंकित देशमुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात खेल ध्वज फहराकर देशभर से आई टीमों द्वारा मार्चपास्ट एवं शपथ ग्रहण किया गया। उद्घाटन समारोह में उत्कृष्ट विद्यालय, एमएलबी स्कूल एवं शासकीय कन्या कैंट विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा।

इस अवसर पर उद्बोधन में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु पूरे भारत से आए खिलाड़ी कोच और मैनेजरों से आयोजक समिति को आवश्यक सुझाव भी मांगे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा सफल आयोजन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों का आभार जिला क्रीड़ा अधिकारी देवेंद्र सिंह पटेरिया द्वारा किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)