21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा संसद का मॉनसून सत्र, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2025 तक आयोजित किया जाएगा। संसदीय कार्य मंत्रालय ने एक आधिकारिक अधिसूचना में सत्र की तारीखों की पुष्टि की है। पहले मानसून सत्र 12 अगस्त तक चलने वाला था। अब सत्र की तारीखों को बढ़ा दिया गया है।
नई दिल्ली (आरएनआई) संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसकी जानकारी बुधवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी। पहले सत्र 12 अगस्त को समाप्त होना था, लेकिन अब इसे एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। पहलगाम हमले के बाद हो रहा यह संसद सत्र काफी हंगामेदार होने वाला है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2025 तक संसद का मानसून सत्र बुलाने के सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हाालंकि स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए 13 और 14 अगस्त को कोई बैठक नहीं होगी।
संसद के दोनों सदन तीन महीने से अधिक समय के अंतराल के बाद 21 जुलाई को सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले हैं। इससे पहले रिजिजू ने मीडिया को बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति ने तारीखों की सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने सिफारिश मंजूर कर ली है। इस सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयकों और मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस पहले सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। वहीं आगामी सत्र के दौरान सरकार इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की भी तैयारी में है। जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने के संबंध में विपक्षी दलों से बात करने की जिम्मेदारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को सौंपी गई है।
इससे पहले संसद का बजट सत्र दो हिस्सों में आयोजित किया गया था। पहला सत्र 31 जनवरी को शुरू हुआ था और 13 फरवरी तक चला। वहीं संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च को शुरू हुआ था और 4 अप्रैल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया था।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



