हरदोई में दर्दनाक हादसा: बेटे की फांसी के बाद सदमे में मां ने तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान
हरदोई। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। घर में 17 वर्षीय किशोर का शव फंदे से लटका मिलने के बाद उसकी मां सदमे को सहन नहीं कर सकीं और घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, पिहानी चुंगी स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने रहने वाले हिमांशु गुप्ता (17) पुत्र राम प्रकाश गुप्ता ने अज्ञात कारणों के चलते घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि बेटे का शव फंदे से लटका देख उसकी मां गीता गुप्ता (45) गहरे सदमे में आ गईं और घर की तीसरी मंजिल से कूद गईं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों की जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)