जीजा के कहने पर पत्नी ने खाने में मिलाया जहर, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी, उसके जीजा और एक अन्य रिश्तेदार पर खाने में जहर मिलाकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भोलापुरवा, नेकपुर नेवादा निवासी संगम कुमार पुत्र उमेश कुमार ने 27 जुलाई 2026 को थाना बिलग्राम में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 7 जुलाई 2026 को उसकी पत्नी रिया ने अपने जीजा मनोज और उमाशंकर के कहने पर उसके खाने में कथित रूप से जहर मिला दिया। भोजन करने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज हरदोई में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
तहरीर में संगम कुमार ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसकी पत्नी रिया मनोज और उमाशंकर के साथ चली गई। पीड़ित ने पूरे मामले में साजिश के तहत उसकी हत्या का प्रयास किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।थाना बिलग्राम पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)