सावन की शुरुआत से पहले अलर्ट मोड में हरदोई पुलिस, एसपी ने परखी सकाहा मंदिर की सुरक्षा
हरदोई। सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं महाशिवरात्रि पर्व की शुरुआत से पहले हरदोई पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सकाहा मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के सहयोग से कांवड़ मार्गों पर झूल रहे बिजली के तारों को दुरुस्त कराया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से बिजली के खंभों पर प्लास्टिक कवर चढ़वाए जा रहे हैं, ताकि करंट फैलने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो और श्रद्धालु सुरक्षित यात्रा कर सकें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गंगा घाटों एवं अन्य प्रमुख स्नान स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती तथा सुरक्षा बलों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरदोई पुलिस सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)