सोमवार के प्रदर्शन के बाद पांच नामजद सहित 25 लोगों पर केस दर्ज, चौराहे पर जाम और नारेबाजी का आरोप

हनुमान चौराहे पर लगाया गया था चक्का जाम, पुलिस ने शांति भंग करने की धाराओं में किया मामला दर्ज।

Tuesday, April 15, 2025 - 17:01
Updated: 2 years ago
0
सोमवार के प्रदर्शन के बाद पांच नामजद सहित 25 लोगों पर केस दर्ज, चौराहे पर जाम और नारेबाजी का आरोप

गुना (आरएनआई) हनुमान जयंती के जुलूस पर पथराव की घटना के बाद फैले तनाव के तीसरे दिन सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान हुई नारेबाजी और चक्काजाम के मामले में अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच नामजद समेत 20-25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) और 126(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

थाना कोतवाली गुना में पदस्थ निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया ने एफआईआर में बताया कि 14 अप्रैल को दोपहर करीब 12:30 बजे वे हनुमान चौराहा पहुंचे थे, जहां विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपने के लिए पहले ही कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हो चुके थे। कुछ दूरी चलने के बाद रंजीत खटीक निवासी गुलाबगंज केंट, आशीष रघुवंशी निवासी केंट, कैलाश मौर्य निवासी पटेल नगर रोड, मनीष शर्मा पूर्व पार्षद व राजेन्द्र कुशवाह निवासी न्यू सिटी गुना सहित अन्य कार्यकर्ता वापस लौटकर चौराहे पर जमा हो गए। इन लोगों ने एक राय होकर चौराहे पर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे हनुमान चौराहा पूरी तरह जाम हो गया। इसके चलते हाट रोड, तेलघानी रोड, कैंट रोड व न्यायालय रोड का यातायात प्रभावित हुआ और आमजन व वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा समझाइश देने के बाद भी प्रदर्शनकारी नहीं माने और लगातार नारेबाजी करते रहे। उक्त पूरी घटना कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने, सडक़ जाम कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने और प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर लिया है। 


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User