सुगम यातायात प्रशासन की प्रथम प्राथमिकता : कलेक्टर

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Tuesday, February 17, 2026 - 19:56
Updated: 8 months ago
0
सुगम यातायात प्रशासन की प्रथम प्राथमिकता : कलेक्टर

गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में गत बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई तथा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि सुगम एवं सुरक्षित यातायात जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने एसडीएम एवं एसडीओपी को समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। शहर में दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग हेतु स्थान चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

दोपहिया वाहनों पर हेलमेट की अनिवार्यता पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस संबंध में विशेष अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में त्वरित सुधारात्मक कदम
थाना प्रभारी यातायात अजय प्रताप सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि एसपी कार्यालय के समीप एवं जेल रोड स्थित तिराहे पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर एवं स्पष्ट साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। साइन बोर्ड पर ब्रेकर की दूरी स्पष्ट रूप से अंकित करने के भी निर्देश दिए गए।

हाईवे, फ्लाईओवर एवं ब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष रूप से फ्लाईओवर एवं पुलों के समीप रात्रि के समय स्ट्रीट लाइट नियमित रूप से चालू रहें। साथ ही मैरिज गार्डन में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डीजे संचालन एवं मॉडिफाइड वाहनों पर सख्ती
बैठक में डीजे संचालन के संबंध में अपर कलेक्टर श्री जैन ने सुझाव दिया कि डीजे केवल निर्धारित स्थल—मैरिज गार्डन अथवा विवाह आयोजन स्थल—पर ही निर्धारित डेसीबल सीमा में संचालित किए जाएं। शहर में वाहनों को मॉडिफाई कर बड़े आकार के डीजे संचालित किए जाने की शिकायतों पर कलेक्टर ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीजे में प्रयुक्त तीव्र प्रकाश व्यवस्था से दुर्घटना की संभावना पर भी चिंता व्यक्त की गई, जिस पर प्रभावी नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

भुल्लनपुरा बायपास पर जाम की समस्या के समाधान हेतु संयुक्त बैठक
भुल्लनपुरा बायपास पर जाम की स्थिति पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। यातायात प्रभारी द्वारा बताया गया कि रेलवे रैक की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति निर्मित होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु रेलवे विभाग के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए।

ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन एवं संकेतकों की समीक्षा
बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट, आवश्यक संकेतक बोर्ड, सड़क सुरक्षा मानकों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व एवं समन्वित प्रयासों के संकल्प के साथ किया गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User