सीतामढ़ी में बवाल, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; बिहार बंद के बीच कई जिलों में तनाव, प्रधान के इस्तीफे पर जश्न
पटना। नीट पेपर लीक मामले और छात्र आंदोलन के समर्थन में शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद के दौरान कई जिलों में प्रदर्शन उग्र हो गया। राजधानी पटना, सीतामढ़ी, छपरा और अन्य जिलों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। कई स्थानों पर पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया, जबकि कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने भी पथराव और तोड़फोड़ की।
सीतामढ़ी में प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। वहीं, पटना में गांधी मैदान के आसपास प्रदर्शन के दौरान उपद्रव की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
बिहार बंद का आह्वान वामपंथी छात्र संगठनों ने किया था, जिसे बाद में वामदलों और महागठबंधन के अन्य दलों ने भी समर्थन दिया। बंद के दौरान कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
उधर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राज्य के कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने खुशी जताई। छात्रों और युवाओं ने मिठाइयां बांटी, नारे लगाए और इसे अपने आंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस्तीफे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए इसे छात्र आंदोलन और लोकतांत्रिक दबाव का परिणाम बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)