सीजफायर के बीच भी दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हमले जारी, पश्चिम एशिया में तनाव बरकरार
पश्चिम एशिया इस समय बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है। एक ओर जहां संघर्ष के बीच युद्धविराम और कूटनीतिक बातचीत की उम्मीदें दिख रही हैं, वहीं दूसरी ओर हालात पूरी तरह शांत नहीं हुए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच बातचीत की कोशिशें तेज हुई हैं, लेकिन अभी तक किसी ठोस नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका के साथ अगली वार्ता की कोई तारीख तय नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पहले साझा ढांचा और समझ विकसित करना जरूरी है, तभी आगे की बातचीत संभव होगी। हाल ही में इस्लामाबाद में हुई उच्च स्तरीय बातचीत भी बिना किसी ठोस परिणाम के समाप्त हो गई। इसे 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद की सबसे महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल माना जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। वैश्विक तेल आपूर्ति के इस अहम मार्ग के फिर से बंद होने की आशंका ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनिश्चितता पैदा कर दी है।
वहीं इज़राइल और लेबनान के बीच लागू 10 दिन के युद्धविराम के बावजूद दक्षिणी लेबनान में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्राइली सेना ने रविवार को कई गांवों में हवाई और तोपखाने से हमले किए, साथ ही मशीनगन से फायरिंग भी की गई। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में दो अलग-अलग हवाई कार्रवाई भी शामिल थीं।
पहला हमला हिजबुल्ला के उन लड़ाकों पर किया गया, जो कथित तौर पर ‘येलो लाइन’ के करीब पहुंच रहे थे। हालांकि वे सीमा पार नहीं कर पाए थे। दूसरा हमला एक ऐसे व्यक्ति पर किया गया, जो एक सुरंग के प्रवेश द्वार की ओर बढ़ रहा था। इस्राइली सेना का दावा है कि इस कार्रवाई में उस सुरंग के प्रवेश को भी नष्ट कर दिया गया।
इस्राइली सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, ये हमले युद्धविराम का उल्लंघन नहीं हैं, बल्कि सुरक्षा कारणों से उठाए गए एहतियाती कदम हैं।
इसी बीच ईरान से एक और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। देश का नागरिक उड्डयन संगठन धीरे-धीरे हवाई क्षेत्र खोलने की योजना पर काम कर रहा है। तसनीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में ट्रांजिट उड़ानों को अनुमति दी जाएगी, इसके बाद पूर्वी हवाई अड्डों से उड़ानें शुरू होंगी। तीसरे चरण में तेहरान के मेहराबाद और इमाम खुमैनी हवाई अड्डों से संचालन बहाल होगा, जबकि अंतिम चरण में पश्चिमी हवाई अड्डों को भी खोला जाएगा।
अधिकारियों ने फिलहाल टिकटों की बिक्री पर रोक लगाई है और यात्रियों को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी है। हालांकि, हवाई क्षेत्र खोलने की समय-सीमा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



