सीएम योगी से मुलाकात के बाद दोनों डिप्टी सीएम से मिले संघ प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की सियासत में हलचल तेज

Thursday, February 19, 2026 - 12:42
0
सीएम योगी से मुलाकात के बाद दोनों डिप्टी सीएम से मिले संघ प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की सियासत में हलचल तेज

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस वक्त सरगर्मी और बढ़ गई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों से भी अलग-अलग मुलाकात की। संघ प्रमुख ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से गुरुवार सुबह करीब 10-10 मिनट तक बातचीत की। भले ही इन मुलाकातों को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा हो, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच इन बैठकों ने राजनीतिक हलकों में अटकलों को हवा दे दी है।

इससे पहले बुधवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ के निराला नगर स्थित संघ कार्यालय परिसर में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे, जहां उनकी संघ प्रमुख मोहन भागवत से एकांत में मुलाकात हुई। बंद कमरे में करीब 35 मिनट तक चली इस बातचीत को मौजूदा सियासी हालात के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात पूरी तरह गोपनीय रही और इसमें प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

संघ प्रमुख मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ में थे और बुधवार को उनके दौरे का अंतिम दिन था। ऐसे में सीएम योगी की उनसे मुलाकात और उसके बाद दोनों उप मुख्यमंत्रियों से अलग-अलग संवाद ने राजनीतिक संकेतों को और मजबूत किया है। हाल के दिनों में योगी आदित्यनाथ और संघ प्रमुख के बीच लगातार हो रही मुलाकातों को लेकर पहले से ही सियासी गलियारों में चर्चा गर्म है।

सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से संघ प्रमुख का फोकस इन दिनों उत्तर प्रदेश पर दिखाई दे रहा है और वे किसी न किसी कार्यक्रम के बहाने लगातार यूपी का दौरा कर रहे हैं, उससे यह संकेत मिल रहे हैं कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से रणनीतिक ताना-बाना बुना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले चुनावों में संघ परिवार की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं और ऐसे समय में सरकार और संघ नेतृत्व के बीच बढ़ती सक्रियता को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User